रविवार, 11 अगस्त 2013

कमाऊ पूत: किश्त एक

शिव मोहन जी का अभी भी गाँव में घर का अस्तित्व है। जमीन जायदाद इतनी है की दो परिवार का पालन पोषण हो सके। बच्चो का भविष्य बनाने के लिए वो शहर आ बसे। हालाँकि शिव मोहन जी का भविष्य वही गाँव के सरकारी स्कूल में ही बना। बस एकबार शहर आ कर टाइपिंग की परीक्षा दी थी। उसमे पास होते ही बिजली विभाग में नौकरी मिल गई। इस नौकरी के लिए वो गाँव में ही रहने वाले उसी विभाग के मुख्य अभियंता (चीफ़ इंजीनियर) श्रीवास्तव जी का आभार मानते है। पर सब कहते थे की भविष्य सवर गया। सही भी है आज के ज़माने में भविष्य का संबंध सरकारी नौकरी से है। चाहे वो जैसी भी हो पर सफलता और सुख की एक मात्र कसौटी है।

शहर में चार कमरे का घर है। छोटा सा आँगन बनाना वो नहीं भूले। शौचालय और इन्सान तो शहरी घर के मानचित्र का अभिन्न अंग है। इसके उपयोग में थोड़ी तबदीली जरूर आई है। गाँव में लोग लोटा ले कर दूर तक जाते है पर यहाँ बाल्टी लेकर सिर्फ शौचालय तक जाना पड़ता है। सही बात भी है इकठ्ठा शहरातू तो नहीं हुआ जा सकता। शहरी आचार-विचार और भाषा सीखने में वक़्त तो लगता है। जैसा भी है अब उनका शहर में घर है, चार बच्चे है, दो लड़के दो लड़कियां। बच्चो की तालीम में उन्होंने कसर न छोड़ी। जिससे बच्चो का भविष्य उज्जवल हो और बड़ा ओहदा प्राप्त हो। बड़ा बेटा अशोक पढने में तेज था। माँ बाप दोनों के स्नेह का पात्र, लाडला बेटा। उसे इंजीनियरिंग करने के लिए शहर के बाहर दूसरे बड़े शहर भेज दिया। प्राइवेट कॉलेज था। फीस ज्यादा थी। पर बच्चे के भविष्य के लिए उन्होंने बड़े गर्व से बैंक से लोन लिया। छोटा बेटा मनोज पढने में लध्दर था। खेलकूद और दोस्तों के साथ उसका मन अधिक लगता था। घर वाले कहते ये जिन्दगी को समझता ही नहीं जब देखो घूमता ही है। मनोज हँसते हुए कहता -अभी न मज़ा करेंगे तो कब करेंगे, जब बड़े हो जायेंगे, पढ़ कर समझदार हो जायेंगे, तब? इस पर माता जी झुंझलाकर कहती -चल हट जबान मत लड़ा। मनोज चुप हो जाता और इधर उधर चला जाता। बड़ी बेटी कविता जिसका संसार खुद ही तक था उसकी शिकायते कभी ख़तम न होती। माँ बेटी में अक्सर मौन व्रत बना रहता। टूटता तभी जब कोई रिश्तेदार या मित्र आ जाते।

एक बार घर में मामा जी पधारे। गाँव से आये थे कुछ कोर्ट कचहरी का काम था। इधर बहुत दिनों से दीदी और जीजा से मुलाकात भी नहीं हुई थी। पंहुचते ही सावित्री बिट्टी आ डटी और बालेन्द्र घर में सब कुछ ठीक ठाक है न? मामा जी बिना उत्तर दिए ही पूंछ बैठे अरे घर में कोई है नहीं क्या? बिट्टी शुरू। अरे क्या बताऊँ ये घर नहीं भूत बंगला है। अशोक जब से इंजिनियर बना उसे घर आने का वक़्त नहीं मिलता। पहले पढ़ाई के लिए बाहर था अब नौकरी के लिए। और जो ये हमारी दाई है। कौन दाई ?मामा जी चौंक पड़े। अरे यही कविता, काम की न काज की दुश्मन अनाज की। जब देखो किताब में मुंह गाड़े रहती है, पता नहीं बेचारी की कब नौकरी लगेगी। मोर बिटिया दिन भर पढ़ती रहती है पर भगवान् है की सुनता ही नहीं। तभी बगल वाले कमरे से कविता की झनझनाती हुई आवाज आई। मम्मी मैंने कहा था मेरे बार में बात न करना। मामा जी को जरा मौका मिला तो पानी के लिए तड़प उठे। बिट्टी जरा किसी को आवाज देना पानी ले आये।? बिट्टी चिल्लाई - ये छाया दिखाई नहीं देता! मामा जी आयें हैं। कुछ्ह पानी पीने के लिए नमकीन बिस्कुट तो ले आ। फिर मामा जी की ओर देखकर -ये छाया तो और जाहिल है, बिलकुल गोबर गणेश! दिन भर टी .वी .में गडी रहती है या कन्ठेप्पी लगाये मटकती रहती है। कॉलेज तो इसका मानो सर्कस खाना है। कभी नाटक का रिहर्सल होता है तो कभी डांस की प्रैक्टिस, नहीं तो कहती है आज मेरा भाषण प्रतियोगिता है। पढ़ाई में तो इसका रत्ती भर मन नहीं लगता। हम तो इसके पापा को पहले ही बोले थे, किसी तरह से बारहवीं पास हो गयी है। कुछ कढाई -बुनाई का कोर्स करवा दो। सभी को थोड़ी न सरकारी नौकरी रखी है। कविता और अशोक की बात दूसरी है। वो शुरू से ही फर्स्ट आते थे। तभी छाया नाश्ते का प्लेट लेकर पहुँची। नमस्ते मामा जी।

मामा जी, नमस्ते ,और बेटी तुम भी पढाई -लिखाई कर लो। स्कूल की बात और थी। वहाँ थोड़ा गीत संगीत में भाग लेना ठीक था। अब तुम कॉलेज में हो ,पास तो हो जाओगी न !छाया मुस्कुराते हुए - जी मामा जी। और घर में सब कैसे हैं, मामी, नानी, मुन्नी दीदी। पिछले साल दीदी की शादी में कितना मजा आया था, है ना मामा जी ! तभी माँ चीख पडी -देखा वो पूछ कुछ और रहे हैं। पर इसको ! हमारे कर्म ही फूटे थे जो ये पैदा हुई। कहाँ बेचारी कविता बिना खाए -पिए किताबों में गडी रहती है और कंहा ये ? अब जाओ जल्दी से मामा जी के लिए पराठा सब्जी बना दो भूंखे होंगे। तभी घंटी बजी। माता जी बोलीं -देखना तो छाया कौन है? छाया दरवाजा खोलते हुए, अरे !पापा जी आप।हाँ मामा जी का फ़ोन आया था। आ गए क्या? छाया -जी ..माँ के साथ बैठे हुए हैं ,निंदा रस जारी है। माँ -आने की आहट सुनकर- मैं चलती हूँ वो आ गए हैं। आज तो रुकोगे न? मामा जी सहमती में मुंडी हिलाई।

शिवमोहन जी घर में घुसते ही- मनोज अभी घर नहीं लौटा? अन्दर अन्दर से माता जी की झल्लाती हुई आवाज आई-आया था खाना खाने। मामा जी ने चरण स्पर्श किया। शिवमोहन जी कुछ मंत्र भुनभुनाये और लम्बी साँस खींच कर बोल- आपका काम हो जायेगा आप परेशान मत होइए। मैं तो इस मनोज से परेशान हूँ। अशोक है की रोज तरक्की कर रहा है, विदेश का भी ऑफर आया है। और ये मनोज आवारा की तरह इधर उधर घूमता रहता है। घर में तो इसके पांव टिकते ही नहीं। पता नहीं क्या करेगा! भगवान जाने? कविता के कमरे में झाँका वो पढ़ रही थी। छाया को आवाज दी। बेटा जरा पानी देना। मामा जी ने सुझाव दिय - जीजा जी अब बेटिओं की शादी कर दीजिये अगले साल और फुर्सत होइये। शिवमोहन जी -हाँ लड़का तो देख रखा है। बस कविता का ssc का रिजल्ट आ जाये। माम जी - सही बात है। नौकरी लग जायेगी तो सामने वाला भी दहेज़ के लिए कम मुंह खोलेगा। शिवमोहन जी ने लम्बी सी "हाँ "की राहत भरी ध्वनि निकाली। तभी छाया कमरे में घुसते हुए- पापा जी पानी और मामा जी खाना तैयार हो गया है,खा लीजिये। फिर मुझे अपना कार्यक्रम देखना है कल नहीं देख पाई थी, मनोज के चक्कर में। ऐसा लगता है वो न देखे तो धोनी क्रिकेट ही न खेले। शिवमोहन जी गिलास रखते हुए बोले-मनोज को फ़ोन कर देना सब्जी के लिए बोलना मामा जी हैं आयें हैं पनीर लेते आयेगा। और कहना दो दिन से चक्की में आटा पड़ा है वह भी लेते आएगा। हद है ये लड़का।

अगले साल। जून की गर्मी। शिव मोहन जी के घर में विवाह की गर्मी। शहर वाले घर मेहमान इकठ्ठा हो गए है। जगह कम उत्सव गीत की झंकार ज्याद। इंजिनियर साहेब को छुट्टी नहीं है। बाहर का सारा काम मनोज के माथे मढ़ गया है। कविता की सरकारी नौकरी लग गई है। शादी के लिए छुट्टी पर है। छोटी बहन छाया दीदी की खरीददारी में बड़े उत्साह से लग गई। माँ जी दिन भर बड़ी बेटी की सफलता का गुण गान करती। पधारी हुई औरतो को अपने बढ़े हुए रुतबे का एहसास कराती। इधर घर में मदों की सूचियाँ तैयार होती। मनोज दिन भर भागा भागा फिरता। कभी टेंट वाले के पास आर्डर देने जाता तो कभी हलवाई वाले को खाने का मेनू समझाता। तिलक का सामान भी खरीदना है। सुबह शाम जब वक़्त मिलता शादी का कार्ड भी बांटता। कार्ड बांटना सबसे झंझट का काम था। सारी रिश्तेदारियां गाँव में थी। पर कोई गम नहीं, मनोज के पास बहुत संगी साथी हैं।

कहते हैं निक्कमों की फ़ौज होती है। जिनके पास समय ही समय होता है। पद वालों के पास चापलूस होते हैं जो वक़्त के पाबंद होते हैं, अपने काम के वक़्त ही मिलते हैं। ज्ञनियो के अनुयाई होते हैं जो एक दूसरे का समय बर्बाद करते है। बेचारे निकम्मे ! सुख दुःख में साथ होते है। घर में सुबह-सुबह गाली खाते हैं रात को फिर घर पहुँच जाते है। पहुँचते ही पूंछते है पापा कोई काम हो तो बताना। चिंता मत करिए मैं कल मम्मी को डॉक्टर को दिखा लाऊंगा और उधर से सिलेंडर भी लेता आऊंगा। अभी मैं माँ के पास बैठा हूँ आप सो जाओ, कल आपको ऑफिस भी जाना है। मनोज भी माँ बाप के पास रहने वाले इन्ही अपने से बेफिक्र निक्कमो में से एक था। जिसके पास अभी कामों का अम्बार था। पर वो दोपहरी में घर से बाजार का दसिओं चक्कर लगाने के बाद भी उतना ही तरोताजा। चांदनी वाले के पास खड़ा भी उतना ही मस्त। उधर छाया एक और निक्कमी। सुबह-सुबह सबको चाय और नाश्ता बनाती दिन भर साड़ी, श्रृंगार और पार्लर की दूकान में दीदी के साथ घूमती। लेकिन आज घर लौटते हुए उसका मन थोडा दुखी था। माँ ने दीदी के लिए बीसियों साड़ी खरीदी। एक उसे भी पसंद आ गयी। साड़ी थोड़ी मंहगी थी। माँ बोल उठी तुम्हारी शादी में खरीदेंगे अभी इतना मंहंगा ले के क्या करोगी? घर पहुँचते ही मेहमानों के साथ फिर ठहाके में खो गयी और निकम्मेपन का रस लेते हुए सो गयी।

शादी को एक ही दिन बचे हैं। इंजिनियर साहब भी आ गए है। बड़े बेटे के आते ही माँ सब कुछ भूलकर उसकी सेवा में लग गयी। इधर छाया को आवाज दी जरा कूलर चला देना और खिड़की खोल देना गरमी बहुत ज्यादा है। उधर मनोज को आदेश दिया -मोटर चला देना बाथरूम में ठंडा पानी भर जाए और एक बार देख लेना शैम्पू साबुन रखा है की नहीं। खुद शादी के लिए बने तमाम मिठाइयों को लेकर बेटे के पास आईं। अशोक अपने प्रति उमड़ते ममत्व और घर वालों के प्रति जारी होते फरमान का द्वंद नहीं समझ सका। इस बार कविता के प्रति भी माँ का व्यवहार बदला हुआ था। कामचोर और मनहूस कविता अब कर्मठ एवं लड़की हो चुकी थी।

***

अभी बाकी है। बकाया हिस्सा..